हरिद्वार : उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री कृष्ण कृपा धाम में परमाध्यक्ष गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर श्रीमदभागवत एवं गीता ज्ञान, गीता ध्यान तथा गीता अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया।

 

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ समय है। इस मास में श्रीमदभागवत श्रवण, गीता अध्ययन, ध्यान एवं सत्संग से व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक जागृति का संचार होता है तथा आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।उन्होंने कहा कि श्रीमदभागवत और श्रीमद्भगवद्गीता मानव जीवन के लिए अमूल्य ग्रंथ हैं, जिनके माध्यम से धर्म, ज्ञान, भक्ति और वैराग्य की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन श्रीमदभागवत कथा, गीता ज्ञान प्रवचन, गीता ध्यान एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।

You missed

error: Content is protected !!