हरिद्वार : भूपतवाला स्थित श्री राधा रमण गौड़ीय मठ में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजन हो रहा है। कथा के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर धर्म, भक्ति एवं आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया।
कथा के दौरान श्रीमद् भक्ति वेदांत विष्णु महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य के जीवन को सदाचार, सेवा और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करती है। कथा श्रवण से मन को शांति, आत्मिक ऊर्जा तथा प्रभु के प्रति अटूट श्रद्धा प्राप्त होती है।
मठ परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन एवं सत्संग का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं तथा भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से परिसर गुंजायमान हो रहा है।
आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन पर विशेष पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
