हरिद्वार : श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित पूज्यपाद जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्री जी” के करुणामय सद्संकल्प एवं लोकमंगलमयी प्रेरणा से आज 19 जुलाई, 2026 को “ऐंसीएन्ट हेरिटेज फाउंडेशन” (Ancient Heritage Foundation) के अंतर्गत संचालित “स्वामी अवधेशानन्द पॉलीक्लिनिक” (Swami Avdheshanand Polyclinic) द्वारा “वेलमेड हॉस्पिटल, गुरुग्राम” (Wellmed Hospital, Gurugram) के सहयोग से एक विशाल, सुव्यवस्थित एवं पूर्णतः निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ।
यह आयोजन केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं रहा बल्कि भारतीय ऋषि-परम्परा की उस दिव्य जीवन-दृष्टि का साकार स्वरूप सिद्ध हुआ जिसमें “नर सेवा ही नारायण सेवा” को सर्वोच्च साधना माना गया है। “पूज्य आचार्यश्री जी” सदैव इस सत्य का उद्घोष करते रहे हैं कि आध्यात्मिकता का वास्तविक सौन्दर्य तभी प्रकट होता है, जब वह पीड़ित मानवता के दुःखों के निवारण का माध्यम बन जाए। इसी करुणामयी दृष्टि का मूर्त रूप आज “स्वामी अवधेशानन्द पॉलीक्लिनिक” के रूप में समाज के समक्ष सेवा, संवेदना और समर्पण का एक उत्कृष्ट आदर्श प्रस्तुत कर रहा है।
शिविर में कनखल एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सन्त-महात्मा, साधक, ब्राह्मण-बटुक, आश्रमवासी तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। सैकड़ों लोगों ने देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रदान की गई निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। सम्पूर्ण वातावरण सेवा, अनुशासन, आत्मीयता और करुणा से ओतप्रोत था, जहाँ प्रत्येक रोगी का परीक्षण केवल चिकित्सकीय दायित्व नहीं, अपितु सेवा-साधना के भाव से किया गया।
इस अवसर पर “वेलमेड हॉस्पिटल, गुरुग्राम” के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी विशिष्ट सेवाएँ प्रदान कीं। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष गुप्ता, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गुप्ता, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ बंसल, फिजिशियन डॉ. नरेन्द्र कुमार तथा स्वामी अवधेशानन्द पॉलीक्लिनिक के कंसल्टेंट डॉ. अनुज मिश्रा सहित समस्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल टीम ने अत्यन्त समर्पण, संवेदनशीलता एवं सेवा-भाव के साथ रोगियों का परीक्षण, परामर्श एवं उपचार किया।
शिविर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से ECG, X-Ray, Pulmonary Function Test (PFT), Bone Mineral Density (B.M.D.), हीमोग्लोबिन परीक्षण, रक्त शर्करा (Blood Sugar), रक्तचाप (Blood Pressure) सहित अनेक आवश्यक स्वास्थ्य जाँचें पूर्णतः निःशुल्क सम्पन्न की गईं। महिलाओं के लिए विशेष स्त्री रोग परामर्श एवं परीक्षण की व्यवस्था भी की गई। आवश्यकता के अनुरूप रोगियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।
यह सेवा-यज्ञ केवल रोगों के निदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में स्वास्थ्य-जागरूकता, निवारक चिकित्सा तथा उत्तरदायी जीवनशैली के प्रति भी व्यापक प्रेरणा का माध्यम बना। इस आयोजन ने यह सिद्ध किया कि जब आध्यात्मिक संस्थाएँ आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के साथ समन्वित होकर लोकमंगल का संकल्प लेती हैं, तब सेवा और साधना का अद्भुत संगम समाज में आशा, विश्वास और कल्याण की नई धारा प्रवाहित करता है।
“पूज्य आचार्यश्री जी’ के दिव्य नेतृत्व में श्री हरिहर आश्रम द्वारा निरन्तर संचालित ऐसे सेवा-अभियान भारतीय संस्कृति की उस सनातन चेतना को पुनः प्रतिष्ठित कर रहे हैं, जिसमें करुणा, परोपकार, संवेदना और लोककल्याण ही धर्म का प्राण माने गए हैं। निःस्वार्थ सेवा से सम्पन्न यह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर न केवल सैकड़ों लोगों के लिए स्वास्थ्य-सुरक्षा का आधार बना, बल्कि समाज के समक्ष यह प्रेरक संदेश भी स्थापित कर गया कि जहाँ सेवा में करुणा, साधना में समर्पण और जीवन में लोकमंगल का भाव होता है, वहीं धर्म अपनी वास्तविक गरिमा के साथ प्रकट होता है।
