हरिद्वार : प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में आयोजित एक भव्य समारोह में हरिद्वार के युवा व्यापारी विक्की ठाकुर को शहर व्यापार मंडल का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की औपचारिक घोषणा की गई। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से गूंज उठा और उपस्थित व्यापारियों ने फूलमालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में शहर के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय पालीवाल, शहर अध्यक्ष राजीव पराशर, व्यापार मंडल के महामंत्री अमन शर्मा, भाजपा के जिलाप्रभारी अनिल गोयल, राज्य मंत्री प्रकाश मिश्रा, प्रदेश महामंत्री व्यापार मंडल करण मल्होत्रा, पंजाबी समाज के अध्यक्ष राकेश धीमरी, प्रदेश उपाध्यक्ष विदुषी निशंक, किरण जैसलमेर सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विक्की ठाकुर अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे तथा व्यापारियों की आवाज़ को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, अतिथियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे हर समय तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि मजबूत व्यापार मंडल ही व्यापारियों के हितों की प्रभावी पैरवी कर सकता है। समारोह का समापन विक्की ठाकुर को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
