हरिद्वार : क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में 15 एवं 16 मई 2026 को “इनोवेशन एंड प्रैक्टिस इन आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस (आईसीआईपीआई -2026)” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से 200 से अधिक शोधार्थी एवं शिक्षाविद प्रतिभाग करेंगे तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।

 

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में यूकॉस्ट , देहरादून के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

 

विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट अजय गोयल, वाइस प्रेसिडेंट शोभित गोयल, कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार तथा कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने आयोजन समिति को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर ज्ञान एवं शोध आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।

 

सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार एवं समन्वयक डॉ. बृजमोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी , आईआईआईटी , जेएनयू तथा ईरान यूनिवर्सिटी सहित देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के 200 से अधिक शोधार्थी भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नवीन आयामों, नवाचारों एवं व्यावहारिक उपयोगों पर गहन चर्चा की जाएगी।

 

कंप्यूटर साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुला सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य शोध, नवाचार एवं तकनीकी विकास को बढ़ावा देना तथा शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों एवं शोधकर्ताओं के बीच संवाद एवं सहयोग को सशक्त बनाना है। यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए नवीन तकनीकी प्रवृत्तियों को समझने एवं वैश्विक शोध दृष्टिकोण से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।

error: Content is protected !!