नई दिल्ली : टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भारत की लोकप्रिय एमपीवी नई टोयोटा इनोवा क्रिस्टा को नए डिजाइन एलिमेंट्स और अतिरिक्त सुविधाओं के साथ लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह अपडेट ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं, जिससे वाहन का लुक, आराम और सुविधा पहले से बेहतर हो सके।

दो दशकों से अधिक समय से भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए इनोवा क्रिस्टा विश्वसनीयता, आराम, सुरक्षा और दमदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। नए मॉडल में एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों स्तरों पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

 

नई इनोवा क्रिस्टा में नया और अधिक आकर्षक रेडिएटर ग्रिल, अपडेटेड फ्रंट बंपर गार्निश और रियर बंपर गार्निश दिए गए हैं, जो इसकी रोड प्रेजेंस को और मजबूत बनाते हैं। इसके साथ ही वाहन का मस्कुलर और प्रीमियम लुक पहले से अधिक प्रभावशाली नजर आता है।

 

इंटीरियर की बात करें तो इसमें नया ड्यूल-टोन लेदर सीट अपहोल्स्ट्री, ग्रेस कॉपर फिनिश के साथ अपडेटेड इंस्ट्रूमेंट पैनल, डोर ट्रिम्स और बेज़ल्स दिए गए हैं। वुड-पैटर्न हाइलाइट्स, एसी कंट्रोल्स और स्विचेज़ की नई फिनिशिंग केबिन को अधिक प्रीमियम बनाती है।

 

ग्राहकों की सुविधा को बढ़ाने के लिए नई इनोवा क्रिस्टा में वायरलेस चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं।

 

इस अवसर पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स, सर्विस एवं यूज्ड कार बिजनेस) सबारी मनोहर ने कहा कि ब्रांड इनोवा की अब तक 13 लाख से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं और इनोवा क्रिस्टा ने एमपीवी सेगमेंट में विश्वसनीयता, आराम और वैल्यू के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि नए अपडेट्स ग्राहकों को ताजगी का अनुभव देंगे, जबकि वाहन की वे सभी खूबियां बरकरार रहेंगी जिन पर वर्षों से भरोसा किया जाता रहा है।

error: Content is protected !!