हरिद्वार : क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं और अधिक प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर, प्रभारी निरीक्षक रानीपुर, थानाध्यक्ष सिडकुल तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात पुलिस उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा अतिक्रमण की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। 

  इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि, “जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने एवं अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

error: Content is protected !!