हरिद्वार : अनन्तश्रीविभूषित जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्रीजी” की अध्यक्षता में आज प्रेस क्लब, हरिद्वार द्वारा “हिन्दी पत्रकारिता द्वि-शताब्दी समारोह” के अंतर्गत व्याख्यानमाला में “नवजागरण युगीन पत्रकारिता” विषय पर एक गरिमामय व्याख्यान का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ “पूज्य आचार्यश्री जी” द्वारा आचार्य किशोरीदास वाजपेयी जी की प्रतिमा पर पुष्पमाल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पण से हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीय श्री रास बिहारी जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, एन.यू.जे.) तथा मुक्त वक्ता के रूप में प्रख्यात पत्रकार एवं माधवराव सप्रे संग्रहालय (भोपाल) के संस्थापक श्री विजय दत्त श्रीधर जी ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा को बढ़ाया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में “पूज्य आचार्यश्री जी” ने कहा कि जैसे पुण्य-सलिलाएँ अपने तटों के आकर्षण में कभी नहीं रुकतीं, वैसे ही हिन्दी पत्रकारिता अपने महान उद्देश्यों की ओर निरन्तर गतिशील है— और इसी में उसकी सार्थकता निहित है। समाज का उत्थान सदैव आदर्शों के अनुशीलन और अनुसरण से होता है। हमारे राष्ट्र में तपोनिष्ठ महापुरुषों और वैदिक बोध की कोई कमी नहीं, अतः हमारे पास आदर्शों की भी कमी नहीं। बाल गंगाधर तिलक, गोपालकृष्ण गोखले, महात्मा गाँधी, पंडित नेहरू, अटल बिहारी वाजपेयी, इन्द्र कुमार गुजराल और कुलदीप नैयर जैसे अनेक सत्पुरुष पत्रकारिता से ही जनजीवन में उच्च स्थान तक पहुँचे। “पूज्य आचार्यश्री जी” ने कहा कि यदि भारत के मूल स्वर “सत्यमेव जयते” और “यतो धर्मस्ततो जयः” को स्मरण रखा जाए, तो पत्रकारिता कभी भटक नहीं सकती। पत्रकार का धर्म है – सत्य को निडर होकर प्रस्तुत करना। हिन्दी पत्रकारिता ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। परम्परा में अनेक लोग देवर्षि नारद को भी आद्य पत्रकार मानते हैं— उनकी गति अव्याहत है, और पारमार्थिक अंतःकरण के कारण वे ही सत्य का प्रकाशन कर पाते हैं। देवर्षि नारद की विश्वसनीयता तीनों लोकों में समान रूप से है; वे भगवान के मन हैं, और उनके माध्यम से भगवदीय संकल्प प्रकट होता है। जो ईश्वर के मन को पहचानता है, वही सच्चा सूचनासंवाहक बनता है। अतः पत्रकार का दायित्व अत्यन्त गंभीर और व्यापक है।
“पूज्य आचार्यश्री जी” ने हरिद्वार प्रेस क्लब के नवाचार और सार्थक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “धर्म निर्वहन सदैव कठिन रहा है, ऐसे ही पत्रकारिता धर्म का निर्वाह भी कठिन है; किन्तु यही हमारा कर्तव्य है, और इसी कठिन कार्य को हमें दृढ़ संकल्प के साथ निभाना है।”
समारोह में प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र चौधरी जी, महासचिव श्री दीपक मिश्रा जी, श्री आदेश त्यागी जी, कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश चन्द्र जी, श्री सुनीलदत्त पाण्डेय जी, श्री संजय आर्य जी, श्री रजनीकान्त शुक्ला जी, कार्यक्रम संयोजक श्री गुलशन नैय्यर जी, श्री शिवा अग्रवाल जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
