हरिद्वार :   विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार में ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरित हरिद्वार कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरे जनपद में यह अभियान नोडल अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के समन्वय (कोऑर्डिनेशन) में संचालित किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

अभियान का शुभारंभ कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका द्वारा बोगनविलिया का पौधा रोपित कर किया गया, जबकि जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के किनारे, सरकारी परिसरों, विद्यालयों, अखाड़ों, आश्रमों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण किया गया। विशेष रूप से अखाड़ों एवं आश्रमों में साधु-संतों ने अपने अनुयायियों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को आध्यात्मिक दायित्व के रूप में अपनाने का संदेश दिया।

इस अभियान के दौरान पूरे जनपद में 15 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों, आमजन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया। जनपद प्रशासन ने अपील की कि लगाए गए पौधों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, जिससे हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुंदर एवं हराभरा जनपद बनाया जा सके।

error: Content is protected !!