रुड़की :   विश्व नवाचार एवं रचनात्मकता दिवस के अवसर पर 84 यूके बटालियन एनसीसी, क्वांटम यूनिवर्सिटी द्वारा कैडेट्स के लिए आधुनिक तकनीकी नवाचारों पर एक ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेस्ला के इलेक्ट्रिक वाहनों तथा राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल क्वांटम मिशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को इनके उपयोग, प्रभाव और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया। कैडेट्स ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर सक्रिय सहभागिता भी दिखाई।

 

इसके साथ ही दादापट्टी गांव में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जागरूकता” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 विद्यार्थियों को एआई के सिद्धांतों एवं उसके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने लाइव डेमो प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को स्मार्ट तकनीकों, ऑटोमेशन और डिजिटल टूल्स से परिचित कराया, जिससे उनकी रुचि और जिज्ञासा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

 

क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) विवेक कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी देश के विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए नवाचार अत्यंत आवश्यक है। वहीं, डॉ. छवि सिंह ने कैडेट्स के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए उनकी प्रस्तुतियों को प्रेरणादायक बताया।

 

इन कार्यक्रमों ने न केवल विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें नवाचार और डिजिटल युग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

You missed

error: Content is protected !!