हरिद्वार : बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर पालिका शिवालिक नगर द्वारा जनहित में लगातार राहत कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने पालिका क्षेत्र में स्थापित अलाव केंद्रों का निरीक्षण किया तथा जरूरतमंद एवं निराश्रित व्यक्तियों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि शीतलहर को ध्यान में रखते हुए पालिका क्षेत्र में निरंतर अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के साथ स्वयं मौके पर पहुंचकर अलाव केंद्रों का निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया । उन्होंने कहा कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो, इसके लिए नगर पालिका द्वारा लगातार कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था की जा रही है, और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने बयान में कहा कि शासन एवं प्रशासन की प्राथमिकता है कि शीतकाल में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। उन्होंने नगर पालिका द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अलाव एवं कंबल वितरण जैसी व्यवस्थाएं अत्यंत आवश्यक हैं और इन्हें नियमित रूप से संचालित किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में निराश्रित, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद लोगों पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशाषी अधिकारी तारीक, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, महामंत्री पंकज चौहान व अंशुल शर्मा, अजय मलिक, रवि वर्मा, आदित्य मलिक, शशीभूषण पांडेय, नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे

You missed

error: Content is protected !!