हरिद्वार : विश्व सनातन महापीठ की उद्घोषणा एवं शिला पूजन समारोह की तैयारियों को लेकर आज चेतन ज्योति आश्रम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तीर्थ सेवा न्यास के संरक्षक परमाध्यक्ष पूज्य बाबा हठयोगी जी महाराज ने की तथा संचालन महन्त ऋषिश्वरानंद जी महाराज द्वारा किया गया।
बैठक में आगामी 21 नवम्बर 2025 को हरिद्वार में होने वाले ऐतिहासिक “विश्व सनातन महापीठ शिला पूजन एवं उद्घोषणा समारोह” की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर तीर्थाचार्य राम विशाल दास जी महाराज ने विश्व सनातन महापीठ के महायोजना एवं भव्य निर्माण स्वरूप की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रकल्प विश्व के सबसे विशाल और अद्वितीय सनातन केन्द्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने आगामी समारोह में पधारने वाले देशभर के संत-महात्माओं, विचारकों, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों के बारे में भी जानकारी दी।
बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि आगामी विश्व सनातन महापीठ उद्घोषणा एवं शिला पूजन समारोह को ऐतिहासिक, अनुकरणीय और सनातन संस्कृति के गौरव का प्रतीक बनाया जाएगा।
