हरिद्वार : कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। आज पत्रकारों से वार्ता में
राजीव चौधरी ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने वाले विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक परंपराओं पर आघात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। राजीव चौधरी ने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने तथा विपक्ष की आवाज़ को दबाने के बजाय जनता के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस घटना से आक्रोशित हैं और पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। इस अवसर पर पंकज मलिक , महावीर चौधरी , सौरभ सैनी , आदि कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजुद रहे
