स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में संगठन के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं तहसील मुख्यालयों में स्थापित शिलापटों पर सभी सवतंत्रता सेनानियों के नाम अपडेट करने, ग्राम पंचायत व ब्लाक सभागारों में राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों की फोटो एवं चिन्हित सड़कों एवं विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम का बोर्ड स्थापित करने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए। राजकीय चिकित्सालयों में पृथक काउंटर लगाकर चिकित्सा सुविधाएं दी जाए। राष्ट्रीय कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। तहसील स्तरीय समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाए। नगर पालिका गोपेश्वर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के म्यूजियम हेतु स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।

बैठक में संगठन के अध्यक्ष गोविंद सिंह तोपाल, संरक्षक समीर बहुगुणा, महासचिव त्रिलोक सिंह खत्री, सलाहकार भुवन नौटियाल, भरत सिंह रावत आदि मौजूद थे।