हरिद्वार परम पूज्य श्री चिन्मयानंद बापू जी के दिव्य सान्निध्य एवं चिन्मय धाम आश्रम की पावन भूमि पर आयोजित “गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा” का द्वितीय दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमद्भागवत कथा के अमृतमय प्रसंगों का रसपान कराते हुए पूज्य बापू जी ने कहा कि गुरु ही जीवन के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं मानव कल्याण का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

पूरे आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा के उपरांत आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समिति ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा, सत्संग, भजन संध्या एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। द्वितीय दिवस का आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा, अनुशासन और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना।
इस अवसर पर हरिद्वार नगर निगम महापौर किरण जैसल , समाजसेवी अनिरुद्ध भाटी , आकाश भाटी उज्ज्वल पंडित आदि भक्त मौजूद रहे
