हरिद्वार : राजा गार्डन स्थित श्री हनुमत गौशाला में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। कथा का वाचन महामंडलेश्वर विज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज के श्रीमुख से किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का श्रवण किया और धर्म, भक्ति तथा सनातन संस्कृति का संदेश ग्रहण किया।
महामंडलेश्वर विज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, प्रेम, सेवा और ईश्वर भक्ति की ओर प्रेरित करने वाला दिव्य ज्ञान है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और समाज में सद्भाव, करुणा तथा नैतिक मूल्यों का विकास होता है।
