देहरादून : सोमवार को केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, नैनीताल के अंतर्गत एकीकृत संचार और आउटरीच कार्यक्रम के प्रचार की शुरुआत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी से की गई।

 

इस कार्यक्रम का विषय ‘विकसित भारत – रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण’ रखा गया है। यह कार्यक्रम दिनांक 28 एवं 29 जुलाई 2026 को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी में ही आयोजित होगा।

 

कार्यक्रम के पूर्व प्रचार अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा ने दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में कार्यक्रम से संबंधित बैनर, पोस्टर और पंपलेट के साथ एक ऑडियो क्लिप भी चलाई गई। इसके माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और केंद्रीय क्षेत्र के लोगों को चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं को देखने के लिए आमंत्रित किया गया।

 

प्रचार के दौरान देवीपुरा, रूपपुर, चितपुर, छोरा, झोली, चकला, प्रतापपुर, मौला, धमोला, नयागांव, शिवलालपुरी, बेल बढ़ाओ आदि स्थानों पर पोस्टर चिपकाए गए तथा प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगाए गए।

 

पूर्व प्रचार के अवसर पर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी और सरस्वती विद्या मंदिर कालाढूंगी में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संजना, महक बिष्ट, इकरा, कविता, देवेश, सौरव, हर्षित, निशा एवं विशाल ने पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए।

 

कार्यक्रम के मुख्य दिवसों में चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को सरकारी योजनाओं और रोजगार से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक करना है।

error: Content is protected !!