हरिद्वार : बाबा वीरभद्र सेवाश्रम न्यास के परमाध्यक्ष जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज का 15वां सन्यास दिवस संत समाज और श्रद्धालु भक्तों के सानिध्य में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में संतों और भक्तों ने महामंडलेश्वर गर्व गिरि महाराज पर पुष्पवर्षा कर फूल माला पहनकर कर उन्हें सन्यास दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर आयोजित संत समागम के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज को शुभकामनाएं देते हुए महामंडलेश्वर महंत संजय गिरि महाराज ने कहा कि राष्ट्र की एकता अखंडता कायम रखने में संत महापुरूषों की अहम भूमिका है। महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज संत परंपरांओं का पालन करते हुए सनातन धर्म संस्कृति के संरक्षण संवर्द्धन के साथ समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। सभी को उनसे प्रेरणा लेकर अपने सामाजिक दायित्व का पालन करना चाहिए।
संत महापुरूषों का आभार व्यक्त करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज ने कहा कि उन्होंने समाज और भक्तों के कल्याण के लिए सन्यास धारण किया। गुरूजनों से प्राप्त शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए समाज में धार्मिक चेतना का प्रसार करना और आश्रम की सेवा संस्कृति को आगे बढ़ाना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। श्रीमहंत मधूसूदन गिरी महाराज ने कहा कि समाज में धर्म और अध्यात्म का प्रचार प्रसार करने के साथ सेवा कार्यो में भी महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं। जो सभी के लिए प्रेरणादायी है। महंत सरयू दास, महंत मस्त गिरि, महंत सुरेशानंद, महंत हरीशानंद गिरि, महंत पंकज गिरि, महंत कार्तिक गिरि, महंत नैतिक गिरि, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी ज्योर्तिमयानंद, स्वामी दिनेश दास, साध्वी सोनिया पुरी, समाजसेवी कदम सिंह मलिक, सुधीर पाल, जमीनरमी, वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण शर्मा आदि ने भी महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज को सन्यास दिवस की शुभकामनाएं दी।