ऋषिकेश : परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदाननन्द सरस्वती जी ने देशवासियों को खालसा सृजन दिवस, बैसाखी पर्व की शुभकामनायें देते हुये कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, हर्षोल्लास, खुशहाली एवं नवीन उत्साह का संचार करे। खालसा पंथ की स्थापना कर गुरू गोविंद सिंह जी ने भेदभाव को समाप्त कर एकता, समानता और सद्भाव के साथ रहने का संदेश दिया। बैसाखी, अन्न पैदा करने वाली धरती और ईश्वर का आभार व्यक्त करने का पर्व है। हम सभी बैसाखी पर्व पर संकल्प ले कि हमारी धरा स्वच्छ तो हम भी स्वस्थ।
आज के ही दिन गुरु गोविंद सिंह जी ने अपने अनुयायियों को संगठित करके खालसा पंथ की स्थापना की। इस पंथ का लक्ष्य मानवता के कल्याण के लिए कार्य करना था। खालसा पंथ ने सदैव ही भाईचारे को सबसे ऊपर रखा। मानवता के कल्याण के अलावा खालसा पंथ ने सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए भी अद्भुत कार्य किये।