हरिद्वार : नगर निगम हरिद्वार परिसर में मंगलवार को वेल्मेड हॉस्पिटल, देहरादून के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर निगम के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

 

स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं तथा जरूरतमंद कर्मचारियों को उचित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव भी दिए गए।

 

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करने में सहायक होते हैं तथा कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की बात कही।

 

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि नगर निगम अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से संभावित बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर ही पता लगाया जा सकता है, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने वेल्मेड हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

शिविर में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। चिकित्सकीय टीम में डॉ. रोहित कुमार, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. आयुषी, राहुल डोरा, अनीस जायरा, स्नेहा भट्ट, सतविंदर तथा परमिंदर ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

 

स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन एवं वेल्मेड हॉस्पिटल और चिकित्सा शिविर के organizer सागर कोहली जी का आभार जताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

error: Content is protected !!